नरसिंह मौर्य असोथर फतेहपुर।
फतेहपुर जिले में नवसृजित नगर पंचायत असोथर जनपद फतेहपुर के अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति के संबंध में विस्तृत प्रस्ताव सौंपा। इस दौरान नगर पंचायत की वर्तमान स्थिति और आवश्यक विकास कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि असोथर एक नवसृजित नगरीय निकाय है, जिसकी कुल आबादी लगभग 26 हजार तथा क्षेत्रफल करीब 24 वर्ग किलोमीटर है। नवगठित नगर पंचायत होने के कारण यहां अभी आधारभूत नगरी सुविधाओं का अभाव है। नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता की नितांत आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत लगभग 1200 लाख रुपये की कार्य योजना प्रस्तुत की गई, जिसमें नगर में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, पेयजल पाइपलाइन विस्तार, पार्क एवं हरित पट्टी विकास, बस स्टॉप व यात्री शेड निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित झील, तालाब एवं पोखरों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण, घाट निर्माण, चारदीवारी, पथवे एवं प्रकाश व्यवस्था हेतु लगभग 200 लाख रुपये की कार्य योजना एवं निधि अवमुक्त करने का अनुरोध किया गया।
वहीं शहरी क्षेत्र की जनआवश्यकताओं को देखते हुए अंत्येष्टि स्थल के निर्माण के अंतर्गत शवदाह गृह, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था हेतु लगभग 100 लाख रुपये की कार्य योजना भी प्रस्ताव में शामिल की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर पंचायत अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नवसृजित नगर पंचायतों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रस्तावित योजनाओं के माध्यम से असोथर नगर पंचायत में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा और आम नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस मुलाकात के बाद नगर पंचायत असोथर में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीद जगी है।








