फतेहपुर में कथित तौर पर नकली और नंबर दो की सीमेंट के कारोबार का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। चंद पैसों के लालच में लोगों के सपनों के आशियाने और उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जीएसटी विभाग ने सीमेंट से लदे एक ट्रक को पकड़कर जांच शुरू की है। ट्रक सदर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ीवा इलाके में स्थित जगत सीमेंट एजेंसी की दुकान पर माल उतारने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि ट्रक में करीब 500 बोरी सीमेंट लदी हुई थी।
पकड़ी गई सीमेंट को एसीसी कंपनी की बताई जा रही है। कंपनी के कर्मचारी द्वारा भी सीमेंट की जांच किए जाने की बात सामने आई है। ट्रक को दुकान के बाहर से पकड़ा गया, जिसके बाद मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई।
मामले में राधानगर क्षेत्र में कथित नकली सीमेंट के बड़े कारोबार और कई दुकानदारों के नाम सामने आने की भी चर्चा है। पक्के तालाब और चोफेरवा क्षेत्र के गोदामों से सीमेंट की आपूर्ति किए जाने की जानकारी भी जांच के दायरे में बताई जा रही है।
स्थानीय स्तर पर लंबे समय से बिल्डिंग मटेरियल के कारोबार में फर्जीवाड़े की आशंका जताई जाती रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस पूरे मामले में जिम्मेदार कौन है और सीमेंट की गुणवत्ता व असलियत की जांच में क्या सामने आता है?
फिलहाल विभागीय जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सीमेंट असली है या नकली और इस मामले में किसकी जिम्मेदारी तय होगी।
बड़ा सवाल—क्या चंद पैसों के लालच में लोगों के सपनों के घरों की बुनियाद से खिलवाड़ किया जा रहा था?






