लोकतंत्र के चतुर्थ स्तंभ के रूप में प्रेस की महत्ता को किसी प्रकार भी नकारा नहीं जा सकता। बिना इसकी स्वतंत्रता के लोकतंत्र की वास्तविक प्रतिष्ठा भी असंभव है । यह वह महत्वपूर्ण स्तंभ है जो सत्ता को सच्चाई का आईना दिखाता है और समाज को भी संगठित करके समुचित राह में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
पत्रकारिता और साहित्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं या यूं कह दिया जाए कि दो के दोनों एक ही हैं। जब बनारसी दास चतुर्वेदी को काशी विश्वविद्यालय का आचार्य नियुक्त किया गया तो उस विश्वविद्यालय के बहुत से प्राध्यापकों ने इसका विरोध किया लेकिन मालवीय जी ने उस अवसर पर अपना स्पष्ट मत व्यक्त करते हुए कहा कि मैं साहित्यकार और पत्रकार में कोई अंतर नहीं मानता। जिस प्रकार से मैं किसी श्रेष्ठ साहित्यकार को प्राध्यापक का पद प्रदान करने में संकोच नहीं करता। वैसे ही इन जैसे श्रेष्ठ पत्रकार को भी मैं नकार नहीं सकता और काशी विश्वविद्यालय के प्राध्यापक पद पर बनारसी दास चतुर्वेदी की नियुक्ति हो गई।
मैथिलीशरण गुप्त ने इसी सब पर विचार करते हुए एक स्थान पर कहा है -“अंधकार है वहां,जहां आदित्य नहीं है।
मुर्दा है वह देश,जहां साहित्य नहीं है।।”
जब मैं पत्रकारों की परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार करता हूं तो अपने जीवन को खतरे में डालकर एक से एक समस्या
परक घटनाओं को समाज के सामने लाने में उसे जो जोखिम उठाना पड़ता है वह लेखनी से परे है। वह 24 घंटे रात – दिन एक करके देश और समाज की वास्तविकता को सबके सामने रखने में प्राणपण की बाजी लगा देता है। लेकिन जब उसे एक सम्मानजनक पारिवारिक जीवन जीने में भयावह कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तो उसकी कल्पना मात्र से कलेजा मुंह में आने लगता है। एक अखबार चलाने में, एक समाचार चैनल स्थापित करने में, उसे आगे बढ़ाने में कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, यह केवल वही जानता है जिसने वैसा कभी कुछ किया हो। इतने के बाद भी एक-एक विज्ञापन के लिए हफ्तों भटकना कितना कष्ट दायक है यह और दूसरे के अनुभव से परे की बात है। रात दिन देश और समाज के लिए लगा हुआ एक पत्रकार जब अपने परिवार की ओर आंख उठा कर आर्थिक तंगी की पर निगाह डालता है तो उसकी चरम वेदना को कौन समझ सकेगा। इस पर भी देश- समाज और सत्ता पर बैठे लोगों को विचार करना चाहिए। उसे भी लोकतंत्र के अन्य स्तंभों पर काबिज लोगों के समान ही सम्मान पूर्वक जीवन जीने का अधिकार है और यदि लोकतंत्र को सुरक्षित रखना है तो प्रेस की सुरक्षा और स्वतंत्रता सबसे महत्वपूर्ण पहलू है।
Trending Now
16 नवंबर 2026 सोमवार : राष्ट्रीय प्रेस दिवसलेखक : शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी
👁 25.9K views







