फतेहपुर। जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र में रविवार भोर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक स्कूल बस खड़े डंपर से जा टकराई। हादसे में करीब 19 बाराती घायल हो गए, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक A R इंटर कॉलेज सेमौर गाजीपुर की स्कूल बस में बाराती सवार होकर वापस लौट रहे थे। तभी गाजीपुर थाना क्षेत्र के बवांरा गांव के पास भोर पहर बस चालक को झपकी आ गई और तेज रफ्तार बस सड़क किनारे खड़े डंपर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
इस घटना ने स्कूल प्रशासन की बड़ी लापरवाही भी उजागर कर दी है। आरोप है कि स्कूल बस का इस्तेमाल नियमों के विरुद्ध बारात ढोने में किया जा रहा था, जबकि इस पूरे मामले की भनक ARTO प्रवर्तन विभाग को भी नहीं लगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है और हादसे के कारणों के साथ-साथ स्कूल बस के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।






