फतेहपुर। विश्व हिंदू परिषद एवं उसके विभिन्न आयामों बजरंग दल, दुर्गावाहिनी, मातृ शक्ति, समरसता, गौ सेवा, धर्म प्रसार और सत्संग के ग्राम, खंड, प्रखंड एवं जिला स्तर के दायित्वधारियों का दो दिवसीय छह सत्रों वाला कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग रविवार 10 मई 2026 को संपन्न हो गया।
यह अभ्यास वर्ग 9 मई 2026 से सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उद्घाटन सत्र का शुभारंभ प्रांत सत्संग प्रमुख विवेक जी द्वारा किया गया। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना, उद्देश्यों एवं संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
इसके बाद प्रांत परियोजना प्रमुख चंद्रिका दीक्षित ने समरसता, धर्मांतरण और गौरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं जिलामंत्री लोकेश गुप्त ने संगठनात्मक समिति एवं संगठन के ढांचे की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी।
जिलाध्यक्ष विनायक संतोष ने परिषद के वार्षिक कार्यक्रमों एवं आगामी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
प्रांत सह गौरक्षा प्रमुख अवधेश शर्मा ने हिंदू होने के गर्व, जैविक खेती, देशी गाय के महत्व और आदर्श हिंदू घर की अवधारणा पर विस्तार से अपने विचार रखे।
वहीं क्षेत्रीय सह धर्मप्रसार प्रमुख राजेश जी ने आंतरिक एवं बाहरी चुनौतियों तथा उनके समाधान पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
अभ्यास वर्ग में जिले भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।






