फतेहपुर में महिला आरक्षण बिल को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से जोरदार प्रदर्शन किया गया। शहर के शादीपुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने धरना देकर विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ज्योति प्रवीण ने किया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने विपक्ष पर महिला विरोधी मानसिकता अपनाने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बेहद जरूरी है, लेकिन विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है।
महिला मोर्चा की जिला महामंत्री सुशीला मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए और महिला आरक्षण बिल को पूरी मजबूती के साथ लागू किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन भाजपा महिला मोर्चा के छह दिवसीय धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और महिला आरक्षण के समर्थन में आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।






