फतेहपुर। जहानाबाद कस्बे के कुसल का डेरा स्थित शाही ईदगाह में गुरुवार को ईद-उल-अज़हा का पर्व पूरे धार्मिक उत्साह और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह बड़ी संख्या में नमाज़ी ईदगाह पहुंचे, जहां मौलाना अब्दुल हन्नान साहब ने ईद-उल-अज़हा की नमाज़ अदा कराई।
नमाज़ के बाद मौलाना ने मुल्क में अमन, चैन, भाईचारा और खुशहाली कायम रहने की दुआ कराई। उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम, सौहार्द और इंसानियत के रास्ते पर चलने की अपील भी की।
इस मौके पर जहानाबाद नगर पंचायत चेयरमैन सै. आबिद हसन भी मौजूद रहे। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को ईद-उल-अज़हा की मुबारकबाद देते हुए कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं।
ईदगाह परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम रहे। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी और मुल्क की तरक्की व खुशहाली की कामना की।






