फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाखा गांव निवासी एक दृष्टिबाधित युवक ने सरकारी जमीन, पुस्तैनी भूमि और मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अतिक्रमण हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शाखा गांव निवासी अनुराग सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी माता मीरा देवी के नाम दर्ज भूमि से जुड़े विवाद में कुछ लोगों ने कथित रूप से फर्जी बैनामे के आधार पर सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। शिकायत के अनुसार, सरकारी गाटा संख्या 3210 एवं 3211 पर अवैध रूप से करीब 15 दुकानें बनाकर उनका संचालन किया जा रहा है।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि गाटा संख्या 3212 एवं 3213, जिसे वह अपनी पुस्तैनी भूमि और मंदिर की जमीन बता रहा है, उस पर भी कब्जा कर लिया गया है। अनुराग सिंह का कहना है कि वह लंबे समय से प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष शिकायत कर रहा है तथा मुख्यमंत्री कार्यालय तक अपनी शिकायत पहुंचा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायतकर्ता ने कुछ राजस्व कर्मियों पर भी विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया है। दृष्टिबाधित अनुराग सिंह ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, अवैध निर्माण हटाने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
अब इस मामले में प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।







