फतेहपुर। जनपद के राधानगर थाना क्षेत्र के हरगनपुर गांव में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घटना से गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर विवाद की वजह जानने में जुटी हुई है। घटना राधानगर थाना क्षेत्र के हरगनपुर गांव की बताई जा रही है।






