असोथर (फतेहपुर)। नगर पंचायत असोथर में बिजली विभाग की लापरवाही बड़े हादसे को दावत देती नजर आ रही है। कस्बे में रमन सिंह के दरवाजे और आदर्श सिंह की दुकान के सामने लगा लोहे का बिजली पोल नीचे से पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इसी पोल पर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिससे स्थानीय लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, पोल का निचला हिस्सा पूरी तरह गल चुका है। गिरने से बचाने के लिए इसे पास में लगे दूसरे पोल से बांधकर किसी तरह खड़ा रखा गया है। लोगों का कहना है कि तेज बारिश या आंधी आने पर यह पोल कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद अब तक जर्जर पोल नहीं बदला गया। विभाग की उदासीनता से लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नया पोल नहीं लगाया गया तो जनहानि जैसी गंभीर घटना हो सकती है।
मामले में अवर अभियंता कमल किशोर ने बताया कि उन्हें असोथर क्षेत्र का कार्यभार संभाले लगभग 10 दिन हुए हैं और यह मामला अभी उनकी जानकारी में नहीं था। उन्होंने कहा कि टीम भेजकर मौके का निरीक्षण कराया जाएगा। यदि पोल जर्जर पाया गया तो एस्टीमेट तैयार कर उसे बदलने की कार्रवाई की जाएगी।






