फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में खाद की किल्लत को लेकर किसानों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने विकास भवन का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। किसानों ने प्रशासन पर समय रहते खाद उपलब्ध न कराने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द पर्याप्त मात्रा में यूरिया और अन्य उर्वरक उपलब्ध नहीं कराए गए तो आंदोलन अनिश्चितकालीन जारी रहेगा।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे भाकियू (महात्मा टिकैत) के प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव रामदत्त मिश्रा और जिलाध्यक्ष मधुसूदन तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान विकास भवन पहुंचे। किसानों ने परिसर में धरना देते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और खाद संकट के समाधान की मांग उठाई।
धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि जिले की सहकारी समितियों और खाद केंद्रों पर कई दिनों से यूरिया और अन्य उर्वरकों की भारी कमी बनी हुई है। किसान लगातार खाद के लिए चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन जरूरत के अनुसार खाद नहीं मिल रही है। धान की रोपाई का समय होने के कारण किसानों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों का उत्पादन प्रभावित होगा और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
प्रदेश प्रभारी रामदत्त मिश्रा ने कहा कि प्रशासन पहले भी जल्द खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दे चुका है, लेकिन अब तक हालात नहीं सुधरे हैं। उन्होंने कहा कि यदि तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि “खाद नहीं तो धरना जारी रहेगा” और आवश्यकता पड़ने पर इसे अनिश्चितकालीन आंदोलन में बदल दिया जाएगा।
धरने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसान नेताओं से बातचीत की। अधिकारियों ने जल्द खाद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया, लेकिन किसान लिखित आश्वासन और जमीनी स्तर पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित होने तक धरना समाप्त करने को तैयार नहीं हुए।
धरने में युवा प्रदेश उपाध्यक्ष पप्पू सिंह चौहान, युवा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह मंडा सराय, वरिष्ठ जिला संरक्षक राजू सिंह, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राम आसरे यादव, जिला महासचिव जितेंद्र त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष राकेश शुक्ला, शहर अध्यक्ष ऋषि सिंह, शहर उपाध्यक्ष देवेश बाजपेयी, भिटौरा ब्लॉक अध्यक्ष शिव बाबू, ब्लॉक संरक्षक दीपेंद्र सिंह, हसवा ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू यादव, धाता ब्लॉक अध्यक्ष करन पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।






