यूपी के सुल्तानपुर में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने निषाद समाज के संवैधानिक अधिकार, 2027 विधानसभा चुनाव, मेरठ छात्रा हत्याकांड और राम मंदिर सहित कई मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी।
नगर के राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मीडिया को बाहर रखे जाने के सवाल पर डॉ. संजय निषाद ने कहा कि पार्टी की आंतरिक बैठकों में कार्यकर्ताओं को दिशा देने, अनुशासन सिखाने और संगठन को मजबूत करने के लिए कई बार सख्त बातें करनी पड़ती हैं, जिन्हें मीडिया संदर्भ से हटाकर वायरल कर देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक विभिन्न राजनीतिक दलों ने छिपी हुई नीतियों के जरिए निषाद समाज को ठगने का काम किया। उनका कहना था कि निषाद समाज को संविधान के अनुरूप अनुसूचित श्रेणी का लाभ मिलना चाहिए और इसके लिए उनकी लड़ाई जारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनकी मांगों के प्रति सकारात्मक हैं, इसलिए निषाद पार्टी एनडीए के साथ थी और आगे भी रहेगी।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संजय निषाद ने दावा किया कि निषाद समाज की ताकत से कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी कमजोर हुई हैं। उन्होंने कहा कि समाज के संवैधानिक अधिकार मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। मेरठ की दलित छात्रा हत्याकांड पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण आंदोलन सभी का अधिकार है, लेकिन हिंसा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि धाराएं तय करना और दोष तय करना न्यायालय का अधिकार है, पुलिस केवल अपनी जांच के आधार पर कार्रवाई करती है।
राम मंदिर पर अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए संजय निषाद ने कहा कि विपक्ष के पास केवल बयानबाजी बची है, जबकि जनता विकास और आस्था की राजनीति का समर्थन कर रही है।
Trending Now
सुल्तानपुर में गरजे संजय निषाद, विपक्ष पर साधा निशाना,मीडिया पर भड़के मंत्री
👁 13.6K views






