फतेहपुर। जिले के बिंदकी तहसील क्षेत्र के जाफरगंज थाना अंतर्गत ग्राम तेंदुली लखीपुर में एक महिला अपने पुश्तैनी मकान और जमीन को दबंगों के कब्जे से बचाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है। पीड़िता शकुंतला देवी पत्नी रामसागर ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि IGRS पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़िता के मुताबिक उसके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उनकी तीन पुत्रियां हैं। परिवार का पुराना मकान काफी जर्जर होकर गिर चुका है। मकान के गिर जाने के बाद पीड़िता ने पुराने मकान के बगल में छोटा सा घर बनाकर रहना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी परिस्थिति का फायदा उठाकर गांव के कुछ दबंग लोग उसके गिरे हुए मकान की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
शिकायती पत्र में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि भूरा उर्फ रामआसरे पुत्र भोला तथा उसके पुत्र रामदीन और रामबहादुर द्वारा गिरे हुए मकान के सहन पर चढ़कर चढ़ी/नाद बनाकर जानवर बांधे जा रहे हैं। विरोध करने पर कथित तौर पर जबरन कब्जा करने की बात कही जाती है। पीड़िता का कहना है कि परिवार की कमजोर स्थिति के चलते दबंग लगातार हावी होते जा रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार मामले को लेकर उसने समाधान दिवस में भी तहसील बिंदकी में प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन आरोप है कि जमीन से कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद IGRS के माध्यम से भी शिकायत की गई, बावजूद इसके स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम जांच के नाम पर मामले को लगातार टाल रही है। कार्रवाई न होने से दबंगों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। वहीं शिकायत में ग्राम प्रधान की भूमिका को लेकर भी पीड़िता ने संदेह जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अब पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि मौके की निष्पक्ष जांच कराकर गिरे हुए मकान के सहन से कथित कब्जा हटवाया जाए और भविष्य में किसी प्रकार के विवाद या दबंगई पर रोक लगाई जाए। पीड़िता का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके परिवार की पुश्तैनी जमीन भी हाथ से निकल सकती है।
Trending Now
IGRS के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई,जर्जर मकान पर दबंगों के कब्जे का आरोप,जांच के नाम पर पुलिस-राजस्व टीम टरका रही, ग्राम प्रधान की भूमिका पर भी उठे सवाल; पीड़ित महिला न्याय की गुहार लगा रही
👁 11.5K views







