फतेहपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और सहकारिता आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया। इसी क्रम में फतेहपुर के प्रेक्षागृह में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सहकारी बैंक के अधिकारी-कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री कृष्णा पासवान समेत जिले के विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
योजना के तहत पात्र लघु एवं सीमांत किसानों को 6 प्रतिशत ब्याज दर पर दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से किसानों को कृषि तथा कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा की भी जानकारी दी गई। इस पहल के जरिए ड्राइवरों को सहकारी मॉडल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार की ओर से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक जमीनी स्तर पर पहुंचाने और सहकारिता के माध्यम से रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
फतेहपुर में आयोजित कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी और सहकारी बैंक के कर्मचारी भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री के संबोधन और योजनाओं के शुभारंभ कार्यक्रम को देखा।
फतेहपुर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ
👁 16.1K views





