फतेहपुर जिले में शराब की दुकान के सेल्समैन की हत्या और नकदी लूट के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है, एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना का खुलासा किया, पुलिस ने आरोपी कृष्णा तिवारी (19) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई 1.41 लाख रुपये की नकदी बरामद की है।
मामला बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुर्गई गांव का है। पुलिस के अनुसार, देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन सतेंद्र सिंह चौहान 23 अक्टूबर की रात दुकान बंद करने के बाद पास बने टीनशेड के बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान उसके सिर पर लकड़ी के बोटे से वार कर हत्या कर दी गई। जांच में दुकान की बिक्री की नकदी गायब मिली थी।
अभिमन्यु मांगलिक एसपी फतेहपुर ने बताया की, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सेल्समैन से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद आरोपी दोबारा दुकान पहुंचा और सेल्समैन के सिर पर दो बार वार किया। इसके बाद दुकान की चाबी लेकर गल्ले में रखे 1.41 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शहजादीपुर नहर पुलिया के पास आरोपी को इलेक्ट्रिक ऑटो समेत गिरफ्तार। ऑटो की डिग्गी से पूरी नकदी और घटना के समय पहनी गई खून के छींटों वाली सफेद टीशर्ट बरामद की गई। हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का बोटा भी पुलिस ने बरामद किया है।






