फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के मुत्तौर गांव में किराना व्यापारी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार और परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली।
एसपी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए चोरी की घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की जानकारी प्राप्त की। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी जाफरगंज और थानाध्यक्ष ललौली पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने, साक्ष्यों का संकलन करने और चोरी में शामिल अभियुक्तों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चोरी गए माल की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
एसपी के निरीक्षण के बाद अब पुलिस की जांच और तेज हो गई है। पीड़ित परिवार को चोरी की घटना के जल्द खुलासे का इंतजार है।







