फतेहपुर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए भीषण सड़क हादसों में दो दोस्तों समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
पहला हादसा सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौती में हुआ, जहां बाइक और तेज रफ्तार लोडर की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार राजाबाबू (18) और सोनू (17) की मौत हो गई। दोनों दोस्त बताए जा रहे हैं।
वहीं, जाफरगंज थाना क्षेत्र के मकंदीपुर में लोडर की टक्कर से बाइक सवार रामनरेश (48) की मौके पर ही जान चली गई।
तीसरी घटना चांदपुर थाना क्षेत्र की है, जहां बाइक सवार दो भाइयों को लोडर ने टक्कर मार दी। हादसे में 15 वर्षीय अंश की मौत हो गई।
इसके अलावा मलवां थाना क्षेत्र के मेवली में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल पंकज (22) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
एक के बाद एक हुए इन हादसों से जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। पांच परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच-पड़ताल में जुटी है।







