फतेहपुर। जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में दो युवतियों के आपसी प्रेम संबंधों को लेकर ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों युवतियों के संबंधों की जानकारी होने के बाद गांव की एक सहेली ने अपने भाई के साथ मिलकर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी भाई-बहन पर दोनों युवतियों से करीब पांच लाख रुपये वसूलने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, एक युवती गाजीपुर थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली है, जबकि दूसरी दिल्ली की निवासी बताई जा रही है। करीब एक साल पहले दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए।
आरोप है कि इसी दौरान गांव की एक युवती को उनके संबंधों की जानकारी हो गई। इसके बाद उसने अपने भाई के साथ मिलकर दोनों को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने AI तकनीक का इस्तेमाल कर अश्लील तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इस तरह बदनामी का डर दिखाकर दोनों युवतियों से पांच लाख रुपये वसूलने का आरोप है।
मामले में एक युवती के साथ युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि रुपये लेने के बाद दोनों युवतियों को चित्रकूट स्थित एक संत आश्रम में छोड़ दिया गया।
इधर, परिजनों से संपर्क होने के बाद गाजीपुर पुलिस दोनों युवतियों को थाने लेकर आई। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी भाई-बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और AI से अश्लील तस्वीरें तैयार करने के आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।







