उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चल रही सियासी चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। बुधवार को एक समाचार चैनल से बातचीत में सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि, हर कोई जानता है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह प्रतिक्रिया उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान के जवाब में आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य में पार्टी का चुनाव चिह्न ‘कमल’ ही उसका चेहरा है।
‘सबको पता है कौन होगा चेहरा’
बातचीत के दौरान सीएम योगी ने संगठन और चुनाव चिह्न को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि, “हर किसी को कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ना होगा। मैं भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ूंगा और हमारे लिए कमल का फूल ही सब कुछ है।” हालांकि, जब उनसे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान को लेकर सीधा सवाल पूछा गया, तो सीएम योगी ने बेहद सधे हुए अंदाज में जवाब दिया कि सबको पता है मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने CM चेहरे को लेकर क्या कहा था
दरअसल विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि, “चुनाव के दौरान कमल ही भाजपा का चेहरा होता है।” उन्होंने आगे कहा कि चुनाव संपन्न होने और विधायकों के चुने जाने के बाद उनकी एक बैठक होती है। उसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक आते हैं और उस बैठक में बनी आम सहमति के आधार पर ही नेता का चुनाव किया जाता है।
मौर्य ने कहा था कि, फिलहाल हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। वे मुख्यमंत्री बने रहेंगे या कोई और यह जिम्मेदारी संभालेगा, यह तय करना मेरा काम नहीं है, बल्कि यह उस समय चुने गए विधायक तय करेंगे।” बताते चलें कि भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी तक आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा नहीं की है।
तीसरी बार बनेगी प्रचंड बहुमत की सरकार– ब्रजेश पाठक
इस बीच प्रदेश के दूसरे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आगामी चुनाव में पार्टी की रणनीति और जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए एक बड़ा जनादेश हासिल करेगी। ब्रजेश पाठक ने बताया कि सभी समुदायों के नेताओं ने यह संकल्प लिया है कि वे पूरे प्रदेश में एकजुट होकर काम करेंगे। सभी मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर भारी बहुमत के साथ राज्य में अपनी सरकार बनाए। बता दें कि उत्तर प्रदेश में अगले साल यानी 2027 के फरवरी या मार्च महीने में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। साल 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में लगातार दो बार शानदार जीत दर्ज की है। अब भाजपा के सामने सत्ता में हैट्रिक लगाने की चुनौती है।







