फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में अखरी ट्रिपल हत्याकांड के मुख्य आरोपी की पत्नी और बहु के महीने भर बाद गांव पहुंचने पर ग्रामीणों से हुए विवाद की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से अभद्रता और मारपीट की गई। इस दौरान एक सिपाही घायल हुआ है। थाना पुलिस ने घायल कांस्टेबल की तहरीर पर 25 नामजद और 50 अज्ञात महिलाओं और पुरुषों समेत 75 लोगों पर बलवा, मारपीट व 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गोलियों से भूनकर उतारा था मौत के घाट
हथगाम थाना क्षेत्र के अखरी गांव में बीते 8 अप्रैल की सुबह राजनैतिक रंजिश को लेकर वर्तमान प्रधान रामदुलारी सिंह के बेटे किसान नेता विनोद उर्फ पप्पू सिंह, पिंकू सिंह व पौत्र अभय सिंह की पूर्व प्रधान सुरेश उर्फ मुन्नू सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया था। मामले के सभी 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद से ही दहशत में आरोपी के परिजन भी गांव छोड़कर भाग गए थे। इसके बाद से सुरक्षा के लिहाज से वर्तमान प्रधान के घर में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा कर्मियों में तैनात कांस्टेबल जय सिंह यादव ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया। इन्होंने बताया कि वह और एक मुख्य आरक्षी प्रधान रामदुलारी के घर में ड्यूटी पर तैनात थे।
हिरासत में मुख्य आरोपी मुन्नू की पत्नी और बहू भी
बताया जा रहा है कि गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे मुख्य आरोपी मुन्नू सिंह की पत्नी ममता सिंह और बहू बीनू सिंह के साथ विकास शर्मा, मुकेश, अरविंद कुमार व आशा देवी समेत 6 लोग स्कॉर्पियो से सवार होकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों से वाद-विवाद करने लगे। इस सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन नाराज अराजक तत्व नहीं माने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता और गाली गलौज करते हुए मारपीट की।
महिला समेत 25 नामजद
हादसे में सिपाही जय सिंह को चोंटें आईं। घायल सिपाही की तहरीर के आधार पर थाना-पुलिस ने उपरोक्त लोगों के साथ सत्यम सिंह, संजय सिंह, हैप्पी सिंह उर्फ विनय सिंह, अभिनव सिंह उर्फ उदल सिंह, गुड़िया सिंह, विपिन सिंह उर्फ शुभम सिंह, रवि सिंह, रुद्र प्रताप, भुण्डल, जितेंद्र सिंह, सुधा, नीलम, अनामिका, अंजलि, शिवेंद्र सिंह उर्फ रिशु, हर्षित सिंह के साथ उसके माता-पिता व बहन समेत 25 नामजद के अलावा 50 अज्ञात महिलाओं और पुरुषों पर बलवा मारपीट सरकारी कार्य में बाधा के अलावा अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।थानाध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता ने बताया कि मुख्य आरोपी की पत्नी समेत 6 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। अज्ञात आरोपियों को चिन्हित कर जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।







