फतेहपुर -शहर के स्थानीय चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत से हुआ। तत्पश्चात प्रबंधक सुनील श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, डायरेक्टर श्रीमती प्राची श्रीवास्तव, विद्यालय प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव व हेड मिस्ट्रेस श्रीमती रीना शुक्ला सी. पी. एस. यूपी बोर्ड के प्रधानाचार्य आशुतोष पाण्डेय ने राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता स्वरूप ध्वजारोहण करके स्वतंत्रता सेनानियों को माल्यार्पण कर उनके बलिदान को नमन किया,एवं राष्ट्रगान का आयोजन हुआ। मार्च पास्ट दल ने अनुशासन और जोश का सुंदर प्रदर्शन करते हुए मार्च पास्ट किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने गरिमामय स्वागत भाषण देते हुए इस गौरव के दिन का महत्व बताते हुए बच्चों को देश प्रेम, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति जीत और सफलता का जज़्बा रखते हुए निरन्तर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी । इसके पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ, जिसमें बच्चों द्वारा “विविधता में एकता” थीम पर आधारित जीवंत नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
गिद्दा आदि लोक नृत्य प्रतियोगिता में छात्रों ने परंपरा और विरासत की रंगीन झलक प्रस्तुत की। आदरणीय आशु सर के भावपूर्ण संबोधन ने छात्रों में नई ऊर्जा भर दी। बच्चों के एक समूह द्वारा मूकाभिनय प्रस्तुति ने विचार और भावनाओं को जागृत किया, वहीं एक भावपूर्ण पाठ ने उपस्थित लोगों के हृदय को स्पर्श किया। बच्चों ने नुक्कड़ नाटक “अब तो जागो भारतवासी” ने पर्यावरण प्रदूषण और स्वच्छता की उपेक्षा के मुद्दों को सशक्त रूप से उजागर किया।देशभक्ति गीत के मधुर स्वर ने वातावरण को भावविभोर कर दिया।
जन्माष्टमी का भी अवसर होने के कारण आज यहां पर भारतीय सांस्कृतिक पारंपरिक दही हांडी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने मानव पिरामिड बनाकर ऊँचाई पर लटकी मटकी की परम्परा को बड़े जोश और उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान दर्शकों ने तालियों और ढोल-नगाड़ों से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन कृतज्ञता के साथ विदाई और मिठाई वितरण के साथ हुआ। यह दिन विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय स्मृतियों के रूप में संजोया गया।
Trending Now
चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल में 79 वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन
👁 22.9K views







