फतेहपुर की सदर कोतवाली क्षेत्र के अमरजई मोहल्ले में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब 5 से 6 बदमाश बिजली विभाग के कर्मचारी बनकर एक घर में घुस गए। बदमाशों ने मीटर चेक करने का बहाना बनाकर घर की महिलाओं को अपने जाल में फंसा लिया और घर के अंदर दाखिल होते ही लूटपाट शुरू कर दी। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने घर की बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की। मारपीट में महिला के पैर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों का कहना है कि बदमाश घर से लगभग पाँच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बदमाशों की तलाश में टीमों को लगाया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
Trending Now
दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात, बिजली कर्मी बनकर घर में घुसे बदमाश,विरोध करने पर महिला पर किया हमला अमरजई में हुई वारदात पुलिस जांच में जुटी







