नरसिंह मौर्य असोथर फतेहपुर

थाना असोथर क्षेत्र के ग्राम कुसुंभी में हुई एक शादी समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने गंभीरता से मामला दर्ज किया है। वीडियो में लाइसेंसी रायफल से खुलेआम फायरिंग करते हुए दो युवक नज़र आ रहे हैं।
मामला तब सामने आया जब 2 सितंबर 2025 को ट्विटर (एक्स) हैंडल पर यह वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो की जांच में पुष्टि हुई कि 5 फरवरी 2023 को कुसुंभी गांव निवासी योगेश तिवारी अपनी बहन की शादी में अपने पिता मनोज तिवारी के नाम की लाइसेंसी रायफल से हर्ष फायरिंग कर रहे थे। इस दौरान लाइसेंसी शस्त्र का खुलेआम दुरुपयोग हुआ।
थाना पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 30 व 25(9) के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है। थाना प्रभारी को सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू हो गई है।
इस मामले की जांच उपनिरीक्षक सूर्यनाथ को सौंपी गई है। थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी का कहना है कि वीडियो साक्ष्य के आधार पर लाइसेंसी शस्त्र धारक और उसके बेटे पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







