फतेहपुर। SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को फतेहपुर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। देशभर में कांग्रेस के आह्वान पर किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन के क्रम में जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता भी कलेक्ट्रेट पहुंचे और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग से सवाल पूछे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि SIR प्रक्रिया के चलते मतदाता सूची में नामों को लेकर लोगों के बीच कई तरह की आशंकाएं पैदा हो रही हैं। पार्टी ने मांग की कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई जाए और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से बाहर न हो।
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ भी नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की शुद्धता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की सुरक्षा महत्वपूर्ण है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं तथा चुनाव आयोग से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि SIR के मुद्दे को लेकर उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा।
Trending Now
SIR विवाद पर फतेहपुर में कांग्रेस का हल्लाबोल, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
👁 23.8K views





