नरसिंह मौर्य असोथर फतेहपुर

असोथर विद्युत उपकेंद्र पर अवर अभियंता जितेंद्र कुमार जाट और भाजपा नेताओं के बीच हुए विवाद ने आखिरकार बड़ा रूप ले लिया। कुछ दिन पूर्व भाजपा मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह से जेई की नोकझोंक और अपशब्दों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद सोमवार को अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता के प्रतिनिधि रिंकू गुप्ता से अवर अभियंता के अभद्र व्यवहार और अपशब्दों का ऑडियो भी वायरल हुआ था।
लगातार बढ़ते विवाद और संगठन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा ने मामले में हस्तक्षेप किया। उन्होंने अवर अभियंता जितेंद्र कुमार जाट को तत्काल प्रभाव से असोथर उपकेंद्र से हटाकर सदर तहसील खंड खागा के लतीफपुर साड़ा विद्युत उपकेंद्र पर स्थानांतरित कर दिया। उनकी जगह लतीफपुर साड़ा में तैनात अवर अभियंता राजकुमार गुप्ता को असोथर उपकेंद्र की नई जिम्मेदारी दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष राम महेश निषाद व युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष आशुतोष विश्वकर्मा और ग्रामीणों ने विधायक विकास गुप्ता का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि अगर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं करेगा तो उसके खिलाफ इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







