फतेहपुर, 12 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय, फतेहपुर में रविवार को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज परिसर में 1000 औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री (पशुधन एवं दुग्ध विकास) श्रीमती कृष्णा पासवान ने अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रयास नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक प्रेरणादायक माध्यम भी है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़कर पौधारोपण करने की अपील की।
कार्यक्रम में चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. मौर्य, उप प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस दौरान डॉ. जयंत जायसवाल, डॉ. रविना सिंह, डॉ. पुनीत, डॉ. प्रीत शर्मा समेत अन्य चिकित्सकों ने भी पौधारोपण किया। छात्र-छात्राओं ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें जीवित रखने का संकल्प लिया।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों में हरियाली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।






