रिपोर्ट-नरसिंह मौर्य
फतेहपुर जिले अशोथर बांदा जनपद की मर्का मोरम खदान में ओवरलोड ट्रकों को निकालने को लेकर मंगलवार को अवैध असलहों के प्रदर्शन की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को असोथर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 ओवरलोड वाहनों को पकड़कर सीज कर दिया गया। सभी वाहनों पर करीब 16 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, खदान विवाद के बाद बांदा और फतेहपुर जनपद का प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी के तहत खनन विभाग, परिवहन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने असोथर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान कुल 19 वाहन ओवरलोड पाए गए, जिनमें 16 ट्रक और 3 ट्रैक्टर शामिल हैं। सभी वाहनों को मौके पर ही रोककर आवश्यक कागजी कार्रवाई की गई और उन्हें असोथर थाने में खड़ा करा दिया गया।
खनन अधिकारी देशराज सिंह ने बताया कि जिन वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज लदा पाया गया, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। कुल 19 वाहनों पर लगभग 16 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग और अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से ओवरलोड वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ और खनन नियमों के उल्लंघन पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।








