फतेहपुर,12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद में योग सप्ताह का शुभारंभ सोमवार सुबह गांधी पार्क में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलित कर तथा महर्षि पतंजलि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में “योगः कर्मसु कौशलम्” – योग केवल अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है – के संदेश के साथ योग सप्ताह की शुरुआत हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि भारत सहित पूरे विश्व में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद में 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “एक स्वस्थ शरीर और एक शांत मन, यही योग का सबसे बड़ा उपहार है।”
योग सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय पांडे, पीडी डीआरडीए सहित सभी जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे और सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता की।






