फतेहपुर। हथगांव क्षेत्र के छिवलहा कस्बे में सोमवार, 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का 47वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनभावन शास्त्री के आवास पर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के जिला मंत्री ओमप्रकाश पाल उपस्थित रहे। उन्होंने सर्वप्रथम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के इतिहास, विचारधारा और सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
ओमप्रकाश पाल ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को स्थापित भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है और राष्ट्र सेवा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने पार्टी की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में पार्टी ने नई ऊंचाइयों को हासिल किया।
मंडल अध्यक्ष राजू लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का गठन राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, सुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से हुआ था। उन्होंने बताया कि पार्टी ने प्रारंभिक विचारधारा के रूप में “गांधीवादी समाजवाद” को अपनाया, जिसका लक्ष्य समाज के सभी वर्गों का समान विकास और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनभावन शास्त्री, मंडल अध्यक्ष राजू लोधी, महामंत्री अल्पेश पाल, रामेन्द्र सविता, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामू वाजपेयी, कमलेश तिवारी, उपाध्यक्ष विकास साहू, महेश द्विवेदी, मंडल मंत्री प्रभात सिंह, मीडिया संयोजक देवेन्द्र सोनी, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार, आदर्श तिवारी, चंद्रशेखर गुप्ता और कामता प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।






