नरसिंह मौर्य असोथर (फतेहपुर)
थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत असोथर के प्रताप नगर झाल से अपने गांव खभरा मजरे सरकंडी जा रहे एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल सदर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शिवप्रसाद (28) पुत्र शिवगोपाल साहू निवासी खभरा मजरे सरकंडी, शुक्रवार देर शाम करीब 8 बजे बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह हलवाई बाग के सामने मुख्य सड़क पर पहुंचा, अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अपने निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल सदर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी है।
जरौली चौकी प्रभारी अंकुश यादव ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण बाइक सवार अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गया था। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।








