
फतेहपुर। जिले के असोथर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि पति की मारपीट, कथित दूसरी शादी, जान से मारने की धमकियों और बच्चों को जबरन अपने पास रखने की शिकायतें कई बार देने के बावजूद पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की।
ग्राम ब्राह्मणतारा निवासी अनीता देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2015 में उसकी शादी सुकरू का डेरा निवासी कुलदीप कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से पति शराब के नशे में मारपीट करने लगा और जनवरी 2026 में उसे घर से निकाल दिया।पीड़िता के अनुसार उसने थाना असोथर, थाना गाजीपुर, महिला थाना और एसपी कार्यालय में कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच पति ने तलाक का मुकदमा दायर किया, जबकि उसने भरण-पोषण का वाद दाखिल किया। आरोप है कि बाद में पति उसे वापस घर ले गया, लेकिन फिर मारपीट कर निकाल दिया और दोनों बच्चों को अपने पास रख लिया।
महिला का आरोप है कि 19 अप्रैल 2026 को उसके पति ने दूसरी शादी कर ली। विरोध करने पर 29 मई 2026 को फोन पर जान से मारने और बच्चों की हत्या करने की धमकी दी गई।
प्रार्थना पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि चौकी प्रभारी सरकण्डी धीरज जायसवाल ने कार्रवाई करने के बजाय कथित रूप से कहा, “उसने दूसरी शादी कर ली है, तुम भी दूसरी शादी कर लो।” वहीं थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज पर भी शिकायतों के बावजूद एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाया गया है।
महिला ने दोनों पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और पति समेत अन्य आरोपितों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। यदि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई गई तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।






