फतेहपुर। नगर पालिका सदर के सभागार में शासन द्वारा नामित पांच सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी अनामिका श्रीवास्तव ने अभिषेक श्रीवास्तव, विकास गुप्ता, अभिलाषा सिंह, सुनिधि तिवारी और ज्ञाना पासवान को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के दौरान नगर पालिका चेयरमैन राजकुमार मौर्य, अधिशासी अधिकारी (ईओ) रविन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और सभासद मौजूद रहे। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और सभी ने नव-नियुक्त सभासदों का स्वागत किया।
इस अवसर पर सभी नामित सभासदों ने एकजुट होकर शहर के समग्र विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए नगर क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में विनय तिवारी, अखिलेश, सुनील गुप्ता, मुन्नी लाल, संजय लाला, आतिश पासवान, टीकू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी ने नगर के विकास कार्यों को गति देने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।






