फतेहपुर के चर्चित DIOS कांड में अब बड़ा और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। सुसाइड नोट में सूदखोरों के नाम उजागर होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के मुताबिक, जांच कमेटी किसी भी वक्त DIOS कार्यालय के लिपिक विनोद श्रीवास्तव से कड़ी पूछताछ कर सकती है, वहीं सूदखोरों पर भी सख्त कार्रवाई की तैयारी है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने सूदखोरी और प्रताड़ना से जुड़े कई अहम सबूत जुटा लिए हैं। लिपिक विनोद को किस तरह मानसिक दबाव और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, इस पर प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है।
इसी बीच मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब खुद को आर्थिक रूप से कमजोर बताने वाले लिपिक के बेटे की बाउंसरों के साथ वायरल तस्वीरें सामने आईं। इस खुलासे ने पूरे मामले को और उलझा दिया है और कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुसाइड नोट में पूर्व BJP जिलाध्यक्ष पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिससे राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस ने जांच कमेटी गठित कर ली है और पूछताछ की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी में है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आ सका है।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में कौन-कौन बड़े नाम सामने आते हैं और प्रशासन कब तक सख्त कार्रवाई करता है।






