फतेहपुर। जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक कथित तौर पर दोस्त की जन्मदिन पार्टी के दौरान हाथ में तमंचा लहराते हुए डांस करते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो बाग बादशाही और बावनी इमली क्षेत्र का है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में अवैध हथियारों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बिंदकी कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए इसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने और हथियार की वैधता की जांच में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि वीडियो सही पाया जाता है और अवैध हथियार का इस्तेमाल सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






