फतेहपुर पुलिस ने अपहरण के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में अपहरण के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और लापता महिलाओं एवं बालिकाओं की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने अपहरण के मुकदमे में वांछित एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, थाना हुसैनगंज क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी 3 मई 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो किशोरी के पिता ने थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कराई जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







