फतेहपुर। जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के ढकौली गांव में अवैध कब्जे को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। राजस्व विभाग की टीम द्वारा कब्जा हटाने की कार्रवाई के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ढकौली गांव में लंबे समय से भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी को लेकर राजस्व टीम मौके पर पहुंची और कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। लेकिन जैसे ही टीम वहां से रवाना हुई, दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।
घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें भी आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है।
सीओ थरियांव वीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।






