फतेहपुर: जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के कालूखेड़ा गांव से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां बीएससी की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्रा ने परिजनों की डांट से आहत होकर यह खौफनाक कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा अपने घर में कमरे के अंदर गई और रोशनदान में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर देखा गया तो छात्रा फंदे से लटकी मिली, जिसे देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में पारिवारिक विवाद और डांट-फटकार को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।






