फतेहपुर। जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग के पास तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक डंपर के नीचे आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी परिजनों को मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के बाद फरार हुए डंपर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।






