असोथर (फतेहपुर)।
नगर पंचायत असोथर क्षेत्र में बेसहारा और छुट्टा गौवंश किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गए हैं। धान की रोपाई पहले ही पानी की कमी के कारण प्रभावित है, वहीं अब बड़ी संख्या में घूम रहे गौवंश धान की तैयार पौध को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि क्षेत्र में दर्जनों की संख्या में गौवंश झुंड बनाकर खेतों पर धावा बोल देते हैं और धान की पौध चट कर जाते हैं। कई किसानों ने पौध की सुरक्षा के लिए खेतों के चारों ओर तार और डोरियों की बाड़ भी लगा रखी है, लेकिन भूखे पशु उसे तोड़कर अंदर घुस जाते हैं और पौध नष्ट कर देते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पहले बेसहारा गौवंशों को गो-आश्रय स्थलों में भेजा गया था, लेकिन अब नगर क्षेत्र के कई लोग अपने पालतू पशुओं को सुबह बिना चारा-पानी दिए खुला छोड़ देते हैं। ये पशु बेसहारा गौवंशों के झुंड के साथ खेतों में पहुंचकर किसानों की फसलों और पौध को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
किसान गंगा विशुन, मुन्ना, रिशू, बछई, राजेश और कच्छू सिंह सहित अन्य किसानों ने बताया कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो धान की रोपाई प्रभावित होगी और उनकी आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। किसानों ने नगर पंचायत प्रशासन से छुट्टा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित गो-आश्रय स्थलों में भेजने तथा लापरवाही बरतने वाले पशुपालकों पर कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी हरिगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। सबसे पहले नगर क्षेत्र में मुनादी कराकर पशुपालकों को सचेत किया जाएगा। इसके बाद भी यदि लोग अपने पशुओं को छुट्टा छोड़ते हैं तो उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाएगा। साथ ही संबंधित पशुपालकों को नोटिस जारी कर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।






