फतेहपुर, 25 जून 2026।
जिलाधिकारी के सख्त निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खागा में तैनात आउटसोर्स डाटा एंट्री ऑपरेटर जैवेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जैवेश कुमार पर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर अवैध रूप से धन वसूलने का आरोप है।
बताया गया कि डाटा एंट्री ऑपरेटर का रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसे कई समाचार पत्रों ने भी प्रमुखता से प्रकाशित किया। मामले की पुष्टि होने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खागा के अधीक्षक ने आरोपी कर्मचारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करा दी।
प्रशासन का कहना है कि आरोपी आउटसोर्स कर्मचारी जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित कार्य देख रहा था और उसी दौरान अवैध धन उगाही का मामला सामने आया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि घूसखोरी, भ्रष्टाचार या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में लिप्त पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नजीर बनने वाली कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।







