फतेहपुर के खखरेरू थाना क्षेत्र के छनैनी गांव की रहने वाली एक विधवा महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर पुश्तैनी जमीन और संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर पति के हिस्से की जमीन दिलाने, सुरक्षा उपलब्ध कराने और न्याय की मांग की है।
खखरेरू थाना क्षेत्र के छनैनी गांव निवासी विधवा महिला ने जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसके पति की मृत्यु के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे उसके वैधानिक हिस्से से वंचित कर दिया है। महिला का कहना है कि उसके पति के हिस्से की पुश्तैनी जमीन पर पिछले छह वर्षों से ससुराल पक्ष ने कब्जा कर रखा है और उसे उसका अधिकार नहीं दिया जा रहा।
महिला ने आरोप लगाया कि उसके ससुर, जेठ और जेठानी मिलकर जमीन अपने नाम कराने का प्रयास कर रहे हैं। हदबंदी की कार्रवाई के दौरान भी उसे कोई सूचना नहीं दी गई, जिससे वह अपने अधिकारों की पैरवी नहीं कर सकी।
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने अपने हिस्से की जमीन की मांग की तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। उसने अपनी बेटी के अपहरण की आशंका भी जताई है और प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
महिला ने प्रशासन से पति के हिस्से की पुश्तैनी जमीन दिलाने के साथ-साथ चल-अचल संपत्ति, वैवाहिक जेवर और अन्य अधिकार दिलाने की भी गुहार लगाई है। मामले को लेकर उसने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल यह मामला शिकायत के स्तर पर है। प्रशासन की ओर से जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई तय होगी।







