फतेहपुर- नगर पंचायत असोथर क्षेत्र में लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बने असोथर रोड स्थित पावर हाउस के सामने जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में पहल शुरू हो गई है। शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर ने मौके का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दो दिन के भीतर नाली निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा असोथर-हरनावा मार्ग का निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क किनारे जल निकासी के लिए नाली नहीं बनाई गई। इसके चलते हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जलभराव का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ता है, जिन्हें रोज इसी रास्ते से विद्यालय आना-जाना पड़ता है। सड़क पर भरे पानी के कारण फिसलने और हादसे का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर ने जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक स्थान पर पुरानी नाली को तोड़कर नई नाली बनाने और पानी की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जलभराव जैसी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
अध्यक्ष ने अधिकारियों को दो दिन के भीतर नाली निर्माण कार्य शुरू कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।






