असोथर फतेहपुर।
सहकारी समितियों में सचिवों की हड़ताल के चलते खाद वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई है। समितियों में ताले लटकने से किसान खाद के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। समय पर खाद नहीं मिलने के कारण किसानों को निजी दुकानों से महंगे दामों पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि 22 तारीख से सचिव हड़ताल पर हैं, जिसके चलते समितियों में खाद वितरण का काम बंद है। वहीं, हड़ताल से करीब 15 दिन पहले से ही समितियों में खाद की आपूर्ति नहीं हो रही थी। ऐसे में किसानों के सामने फसलों की बुवाई के लिए खाद जुटाना बड़ी समस्या बन गया है।
इस समय खेतों में लाही, चना, मटर और आलू की बुवाई का काम चल रहा है। बुवाई के समय खाद की जरूरत होने के बावजूद समितियों से खाद नहीं मिल पा रही है। मजबूरी में किसानों को निजी दुकानों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उन्हें महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। इससे खेती की लागत बढ़ने की चिंता भी किसानों को सता रही है।
किसान श्रवण कुमार, रविंद्र श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार आदि ने बताया कि समितियों में खाद नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। एक ओर बुवाई का समय निकल रहा है, वहीं दूसरी ओर खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और वितरण व्यवस्था जल्द बहाल कराने की मांग की है।






