फतेहपुर। जनपद के थाना खागा क्षेत्र के ग्राम स्पूरी के समीप हाईवे की सर्विस लेन पर 12 जून 2026 को एक अज्ञात महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है। घटना के संबंध में थाना खागा में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
मामले के खुलासे और मृतका की पहचान के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ने मृतका की शिनाख्त कराने अथवा उसकी पहचान से संबंधित महत्वपूर्ण एवं विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹25,000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के पास उक्त महिला की पहचान से संबंधित कोई जानकारी हो या वह मृतका को पहचानता हो, तो तत्काल थाना प्रभारी खागा, क्षेत्राधिकारी खागा, जनपद के किसी भी पुलिस अधिकारी, यूपी-112 अथवा जिला कंट्रोल रूम को सूचना दें।
पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। मामले के शीघ्र अनावरण और मृतका की पहचान के लिए जनता का सहयोग अपेक्षित है।






