फतेहपुर, 27 अप्रैल। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने किसानों को पराली न जलाने के प्रति जागरूक करने के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे खेतों में पराली न जलाएं और फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और भूमि में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीवों को नुकसान पहुंचता है। इसका मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं और उपलब्ध कृषि यंत्रों का लाभ उठाकर पराली निस्तारण के वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने की अपील की। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






