फतेहपुर। सर्व फॉर ह्यूमैनिटी संस्था के सदस्यों ने मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। यूपी पुलिस (प्रयागराज) में तैनात निशांत शुक्ला ने अपने जन्मदिन के अवसर पर 14वीं बार रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
निशांत शुक्ला के साथ फतेहपुर के मूल निवासी एवं बिहार के बेगूसराय में कार्यरत शिक्षक आयुष्मान तथा संस्था के सक्रिय सदस्य आशीष ने भी रक्तदान किया। आशीष नियमित रूप से प्रत्येक छह माह में रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता करते हैं।
इस अवसर पर संस्था के सदस्य गुरमीत सिंह भी मौजूद रहे। मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव एवं अनामिका पाल ने रक्तदाताओं के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए निशांत शुक्ला, आयुष्मान और आशीष को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है। युवाओं का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से जोड़कर न केवल जरूरतमंदों की मदद की जा सकती है, बल्कि मानवता की सेवा का संदेश भी दिया जा सकता है।
सर्व फॉर ह्यूमैनिटी संस्था की यह पहल लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और रक्तदान के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है।






