रिपोर्ट- रजनीश तिवारी
फतेहपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों को मार्च और अप्रैल 2026 का मानदेय अब तक न मिलने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। इस संबंध में उ.प्र. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि.) जनपद शाखा फतेहपुर ने मुख्य चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द भुगतान कराने की मांग की है।
संघ के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार पटेल और जिला महामंत्री शिव प्रताप सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि लगातार दो माह से मानदेय न मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होने से बच्चों की फीस, पुस्तकें और घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में बताया गया कि कई बार समस्या उठाने के बावजूद अभी तक भुगतान नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 20 मई 2026 तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो 21 मई 2026 से जिले के समस्त एनएचएम संविदा कर्मचारी “No Pay-No Work” नीति अपनाते हुए कार्य बहिष्कार करेंगे।
संघ ने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कर भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है।






