फतेहपुर। जिले में नकली सोने की गिन्नियां बेचकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के पक्का तालाब इलाके से पुलिस ने गिरोह के दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी नकली सोने की गिन्नियों को असली बताकर सस्ते दामों में बेचने का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे। गिरोह के सदस्य लोगों को लालच देकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से नकली और असली सोने की गिन्नियां बरामद हुई हैं। इसके अलावा पुलिस ने मोबाइल फोन और ₹4000 नकद भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों का संबंध पीलीभीत और उत्तराखंड से बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई लोगों को ठगी का शिकार बना चुका हो सकता है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।






