फतेहपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय फतेहपुर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक बाह्य सुरक्षा निरीक्षण किया। यह निरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दोपहर 12 बजे किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयर हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की। सभी कैमरे सुचारु रूप से संचालित पाए गए। साथ ही वेयर हाउस की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों की जानकारी भी ली गई। बताया गया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत एक हेड कॉन्स्टेबल और तीन कॉन्स्टेबल 24 घंटे तैनात हैं।
जिलाधिकारी ने वेयर हाउस में लगे फायर सिलेंडरों की वैधता की भी जांच कराई, जो निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप पाई गई। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, वेयर हाउस इंचार्ज तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






