फतेहपुर। बाल दिवस के अवसर पर हरिहरगंज स्थित द ओक पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
बाल मेले में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल लगाए। खरीद-बिक्री के जरिए बच्चों ने व्यापारिक गतिविधियों का अनुभव प्राप्त किया और व्यवहारिक ज्ञान सीखा। इसके साथ ही मनोरंजन के लिए गेम जोन और आकर्षक झूलों की व्यवस्था की गई, जिसका बच्चों ने खूब आनंद उठाया।
मेले में बच्चों का उत्साह और उमंग देखते ही बन रहा था। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन के साथ आत्मविश्वास, रचनात्मकता, आपसी सहयोग और व्यावहारिक कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक रोहिताभ सोलंकी, प्रधानाचार्य श्रीमती करिश्मा सिंह चौहान सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।







